भाजपा मंडल अध्यक्ष बलौदा नीलांबर वी तांडी के दृष्टिकोण से आमजन के हितों को समर्पित केंद्रीय बजट 2026

 

सरायपाली/ बलौदा :-केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को भारतीय जनता पार्टी मंडल बलौदा के भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नीलांबर वी तांडी ने जनअपेक्षाओं के अनुरूप, दूरदर्शी एवं सर्वसमावेशी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट गांव, गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो विकसित भारत के संकल्प को और अधिक मजबूत करता है।

श्री तांडी ने कहा कि बजट में ग्रामीण अधोसंरचना, सड़क, पेयजल, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी, बल्कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विकास का लाभ सुनिश्चित होगा।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि निवेश, सिंचाई, भंडारण और बाजार व्यवस्था को सशक्त करने के प्रावधान किए गए हैं। वहीं, महिला सशक्तिकरण के लिए स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा, मातृ एवं बाल स्वास्थ्य तथा पोषण से जुड़े कार्यक्रमों को मजबूती दी गई है, जो सामाजिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

युवाओं के संदर्भ में श्री तांडी ने कहा कि बजट में कौशल विकास, रोजगार सृजन और स्वरोजगार को प्राथमिकता दी गई है, जिससे युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए प्रावधान समाज के हर वर्ग के लिए भविष्य को सुरक्षित बनाने वाले हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट के माध्यम से पंचायत और स्थानीय निकायों को सशक्त बनाकर शासन और जनता के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाई जाएगी तथा योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन धरातल पर दिखाई देगा।

अंत में श्री तांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट जनकल्याण, विकास और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जिससे देश और छत्तीसगढ़ दोनों नई ऊँचाइयों को छुएंगे।

Post a Comment

0 Comments