मंत्रियों के सामने फूट-फूटकर रोने लगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता: कहा- सुपरवाइजर पैसे मांगती है, प्रताड़ित करती है; मंत्री नेताम और जायसवाल बोले- सस्पेंड करेंगे


छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़ में 2 मंत्रियों और एक विधायक के सामने कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रोने लगीं। कठौतिया में सुशासन तिहार के दौरान ये आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी समस्या लेकर पहुंची थी उन्होंने सेक्टर सुपरवाइजर चिंता तिवारी पर गंभीर आरोप भी लगाए।

दरअसल, 20 मई को समाधान शिविर का आयोजन कठौतिया में किया गया था। इसमें छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद थे। साथ ही विधायक रेणुका सिंह भी मंच पर थीं। उनके ही सामने आंगनबाडी कार्यकर्ता अपनी शिकायत बताते हुए फूट-फूट कर रोने लगीं।

पहले भी शिकायत की पर जांच नहीं

ताराबहरा ग्राम पंचायत और आसपास की ये आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। जिन्होंने रोते हुए कहा कि, सुपरवाइजर पैसे मांगती है और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती है। मंच से विधायक रेणुका सिंह कार्यकर्ताओं को चुप कराते दिखीं।वहीं दोनों मंत्रियों ने कहा कि, शिकायत सही पाए जाने पर सुपरवाइजर को सस्पेंड कर देंगे।

कार्यकर्ताओं ने बताया कि, पहले भी कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई जांच नहीं होती। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि,जरूर होगा। उन्होंने मौके पर ही कलेक्टर डी राहुल वेंकट औरजिला महिला बाल विकास अधिकारी राजकुमार खाती को तुरंत कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

हटा दिया गया था, बाद में फिर ट्रांसफर हो गया

महिला बाल विकास अधिकारी ने बताया कि एक साल पहले भी इसी तरह की शिकायत पर चिंता तिवारी को हटाया गया था।अधिकारी के ट्रांसफर के बाद उन्हें फिर से उसी पद पर नियुक्त कर दिया गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी सुपरवाइजर का सेक्टर बदला जाएगा ।

Post a Comment

0 Comments