शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी, संकुल सिंघोड़ा में बाल दिवस का उत्सव उत्साह, खुशी और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती वंदना से हुई, जिसमें बच्चों ने मधुर स्वर और भावपूर्ण प्रस्तुति के द्वारा ज्ञान की देवी का आवाहन किया। बाल दिवस के अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रकार के मनोरंजक एवं बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने वाले खेलों का गेम स्टॉल लगाया गया जिसमे मानसिक, तार्किक, ध्यान, धैर्य, चिंतन, सामंजस्य, समय निर्धारण, पूर्व ज्ञान आदि कौशल आधारित 12 खेल का स्टॉल लगा था। प्रत्येक खेल पर अधिकतम 10 रु का पुरस्कार रखा गया था, यह राशि सभी शिक्षक कमल नारायण भोई, डोलामणी चौहान, रामेश्वर प्रसाद पटेल और संस्था प्रमुख ओमप्रकाश साव द्वारा सामुहिक रूप से दिए जाने की घोषणा की गई थी। बाल दिवस पर आयोजित गेम्स स्टॉल का उद्घाटन संकुल स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक, सिंघोड़ा के संकुल समन्वयक सचिदानंद भोई और साथी समन्वयक ऋषि प्रधान,दुष्यंत पटेल, मोतीलाल पटेल द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे खेल बच्चों की सोच, एकाग्रता और मानसिक विकास के लिए अत्यंत सहायक होते हैं।
इसके बाद विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने क्रमशः विभिन्न खेलों में भाग लिया। पूरा मैदान बच्चों की हंसी, तालियों की गूंज और आनंद से भर गया। श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों के चेहरे खिल उठे। छात्रों के उत्साह वर्धन के लिए पूर्व पदस्थ शिक्षक पवन यादव, जितेन्द्र रावल, सुधीर त्रिपाठी, विनोद कुजूर,चंद्रभानु पटेल, सुकदेव मेहर,जयकुमार पटेल सहित अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।
दिनभर चले कार्यक्रम में शिक्षक, विद्यार्थी और अतिथि एवं शाला समिति के अध्यक्ष उपाध्यक्ष सभी ने बाल दिवस के महत्व को समझते हुए मिलकर आनंद लिया। बाल दिवस का यह उत्सव बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ सीख, संवाद और प्रेरणा का अनमोल अवसर बनकर समाप्त हुआ।


0 Comments