राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन(NHM) के कर्मचारियों की हड़ताल जारी है. दिनों दिन प्रदर्शन अनोखा रूप ले रहा है. शुक्रवार को कर्मचारियों ने PPE किट पहनकर भीख मांगते हुए प्रदर्शन किया. ये वही किट है जो कोरोना काल में पहनी जाती थी. इससे पहले PM-CM का मुखौटा पहनकर उनके सामने डांस किया गया था.
अपने काम को याद दिलाने का तरीका: दरअसल, PPE किट पहनकर वे शासन-प्रशासन को कोरोना काल में किए अपने काम की याद दिला रहे हैं. इसके साथ ही हाथ में कटोरा लेकर भीख मांगी गई और साथ ही सड़क पर झाड़ू भी लगाया. कर्मचारियों का कहना है कि अगर सरकार बजट नहीं होने की बात करती है तो हम भीख मांग कर फंड इकट्ठा कर रहे हैं. इस फंड को सरकार को मनी ऑर्डर किया जाएगा.
मरीज परेशान लेकिन हमारी भी मजबूरी: एनएचएम के कर्मचारियों के हड़ताल पर चले जाने से स्वास्थ्य व्यवस्था बेपटरी हो गई है. खास कर ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र तो कई जगह बंद पड़े हैं. इस पर कर्मचारियों का कहना है कि अपनी सेवा और मरीजों के बारे में ही सोचकर अब तक काम करते आ रहे हैं. कोरोना कल में जान हथेली पर लेकर काम किया, हमारा भी परिवार है, बच्चे हैं माता-पिता हैं. हमारी मजबूरी है कि हमें हड़ताल का सहारा लेना पड़ा.
कई साथियों को जान भी गंवानी पड़ी: कर्मचारियों का कहना है कि, हमें कोई सामाजिक सुरक्षा तक नहीं मिलती, हमारे कई साथी कोरोना में दिवंगत भी हो गए. उनके परिवार को किसी तरह की कोई सहायता भी नहीं मिली. अब भी हमारी सुध लेने वाला कोई नहीं है. अब हम अपने बारे में सोच रहे हैं.

0 Comments